कुरुक्षेत्र। 57वीं हरियाणा राज्य स्तरीय विद्यालय क्रिकेट खेल प्रतियोगिता का आयोजन कैथल में किया गया। अंडर-19 क्रिकेट बॉयज के फाइनल प्रतियोगिता मैच में कुरुक्षेत्र की टीम ने सोनीपत की टीम को 22 रनों से हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। टीम इंचार्ज सचिन चौधरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिला कुरुक्षेत्र ने सिरसा, गुरुग्राम, फरीदाबाद की टीमों को हराकर फाइनल में स्थान बनाया था तथा फाइनल में सोनीपत की टीम को हराया।
जिला कुरुक्षेत्र ने यह प्रतियोगिता करीब 12 वर्षों के बाद जीती है। फाइनल जीतने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। यहां लौटने पर जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने ऐसे ही खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सचिन चौधरी, रमेश कुमार, रणवीर सिंह, संदीप कुमार, मनीष कुमार, देवेश कुमार, अनिल मोर सहित अन्य शिक्षक व खिलाड़ी मौजूद रहे।