संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। यहां स्टेडियम में चल रही प्री-नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुकाबले काफी दिलचस्प रहे। अंडर-15 लड़कों में सिरसा ने कैथल को 4-3 से हराया। भिवानी ने जींद को 7-0 से, रोहतक ने पानीपत को 3-0 और कुरुक्षेत्र ने फतेहाबाद 8-0 से हराया। अंडर-17 लड़कों मेें कुरुक्षेत्र ने पानीपत को 5-0, सोनीपत ने सिरसा को 3-1 और चरखी दादरी ने भिवानी को 8-0 से हराया।
एईओ श्रीपाल बंसल व पीटीआई नरेश ने बताया कि चार अगस्त को टीमों के बीच फाइनल मुकाबले होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी बलजीत मलिक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार-जीत सिक्के के दो पहलू हैं। जब भी दो टीमें मैदान में उतरती हैं तो एक की हार निश्चित है। इसका मतलब यह नहीं है कि हार जाने वाली टीम हौसला छोड़ दे, बल्कि हारने वाली टीम के खिलाड़ियों को और अधिक मेहनत करनी चाहिए ताकि वह अगली बार वह सामने वाली टीम को हरा सके।
उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने वाले स्कूलों का भी दौरा किया और खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के रहन-सहन के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी के सदस्य प्रतिदिन सुबह-शाम खिलाड़ियों से मिलते हैं अगर उन्हें कोई परेशानी है तो उसे दूर करते हैं। स्टेडियम में पहुंचने पर बीईओ हरदीप कौर, प्राचार्य रीतू गुप्ता, प्राचार्य डॉ. एसएस आहूजा, प्राचार्य आरपी सिंह, प्राचार्य दया सिंह स्वामी, प्राचार्य रमेश सैनी, प्राध्यापक लक्ष्मी प्रसाद सहित डीपीई यूनियन की तरफ से डीईओ स्वागत किया गया। इस अवसर पर चंद्रभान कमोदा, केके चौधरी, राजपाल, राजेंद्र, संदीप डांगी, एईओ भीम सेन अंबाला, सुरेंद्र वधवा आदि उपस्थित रहे।