कुरुक्षेत्र। हरियाणा स्कूल गेम्स की ओर से जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन जाट धर्मशाला में किया गया। इसमें पूरी शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अकादमी के विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण समेत नौ पदक पर कब्जा जमाया। जिला स्तर पर विजेता विद्यार्थी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अकादमी के कोच राजेश पुरी ने बताया कि अंडर-14 पुरुष वर्ग एयर पिस्टल की 10 मीटर शूटिंग में डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-13 के कर्णवीर सिंह ने 184 प्वाइंटस लेकर स्वर्ण पदक हासिल किया तथा श्री बाबा मस्तनाथ पब्लिक स्कूल लाडवा के इशांत ने 173 प्वाइंटस हासिल कर रजत पदक प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 एयर पिस्टल प्रतियोगिता में युवराज सिंह ने 184 प्वाइंटस लेकर स्वर्ण पदक और आयान शर्मा ने रजत पदक हासिल किया। जबकि अंडर-19 एयर पिस्टल शूटिंग में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मिर्जापुर के यशमीत ने स्वर्ण पदक और नवतेज सिंह ने रजत पदक प्राप्त किया।
महिला वर्ग की राइफल शूटिंग में गीतांशी ने रजत पदक जीता। अंडर-17 में ओपन साइट अंशुल गांधी व गितांशु पाल ने राइफल 10 मीटर में स्वर्ण व रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-19 कैटेगरी में टीजन ने 10 मीटर पीप साइट राइफल में स्वर्ण व समायरा व संजीवनी ने ओपन साइट राइफल में स्वर्ण व रजत पदक प्राप्त किए।