कुरुक्षेत्र। रक्षाबंधन पर बहनों के लिए रोडवेज की बसों का सफर काफी मुश्किलों भरा रहा। बसों में सीटों से ज्यादा सवारियां होने के चलते उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों की भीड़ काफी ज्यादा होने के चलते बसों की रूट इतने बढ़ गए कि भाइयों के पास जाने के लिए बहनें बस स्टैंड पर ही बसों का इंतजार करती रहीं। रोडवेज की बसों में भीड़ के अलावा शाम तक शहर में जाम की स्थिति बनी रही।
कुरुक्षेत्र डिपो की सभी 143 बसें ऑन रूट थी, लेकिन फिर भी सवारियां अधिक होने की वजह से बसें कम पड़ती नजर आईं। करनाल, यमुनानगर, कैथल से लेकर दिल्ली तक कहीं की भी बस आते ही तुरंत भर जा रही थीं। स्टैंड पर रुकने तक का समय चालकों को नहीं मिल पा रहा था। नया बस अड्डा, पिपली बस अड्डा, पुराना बस अड्डा, पिहोवा, शाहाबाद व लाडवा बस अड्डे पर दिनभर सवारियों की भारी भीड़ लगी रही। रोडवेज की बसों में भीड़ के अलावा शहर में सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। पिपली चौक, अग्रसेन चौक और कमानी चौक पर दिनभर वाहनों की लाइन नहीं टूटी। हालांकि यातायात पुलिस व्यवस्था संभाले हुए थी, लेकिन काफी संख्या में वाहनों के एक साथ सड़क पर आ जाने से हालात काफी खराब रहे।
बॉक्स
सड़कों से गायब रही कई निजी बसें
---------------------------------------
एक ओर जहां सरकारी बसों दिनभर रूटों पर दौड़ती रहीं, वहीं कुछ निजी बसें सड़कों से गायब नजर आईं। हालांकि कई निजी बसों ने बहनों का भरपूर सहयोग भी किया। वहीं कुछ सवारियों ने यह भी आरोप लगाए कि निजी बसों में उनसे किराया मांगा जा रहा है।
बॉक्स, फोटो-5
भीड़ के चलते बस में चढ़ना बेहद मुश्किल : जसविंद्र कौर
----------------------------------------------------------------
लाडवा जाने के लिए नए बस अड्डे पर पहुंचीं थानेसर वासी जसविंद्र कौर ने कहा कि बहनों को निशुल्क बस सेवा का लाभ देना सराहनीय कार्य है, लेकिन भीड़ में सफर करना बहुत मुश्किल है। बसें तो समय पर आ और जा रही हैं, लेकिन इतनी भीड़ को देखकर लगता है अगली बस में चलेंगे।
बॉक्स, फोटो-6
दो साल बाद जा रही भाई को राखी बांधने : सीमा
--------------------------------------------------------
यमुनानगर जाने के लिए नए बस अड्डे पर पहुंची गांव थाना वासी सीमा ने कहा कि पिछले दो साल से कोरोना के कारण वह भाई को राखी बांधने नहीं जा पाई थीं। इस बार हालात सामान्य हैं तो रहा नहीं गया। हालांकि बसों में भीड़ के कारण परेशानी हो रही है, लेकिन भाई से मिलने की चाह के आगे यह कुछ भी नहीं है।
बॉक्स
बसों के बढ़ाए चक्कर: जीएम
---------------------------------
रोडवेज जीएम अशोक कुमार मुंजाल ने बताया कि बहनों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसलिए सभी रूट पर बसों को चलाया गया। कई बसों के रूट डबल से ट्रीपल भी किए। सवारियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी गई। रोडवेज अधिकारी व कर्मचारी सुबह से लेकर शाम तक डटे रहे। सुबह से लगातार बसों के चक्कर लगते रहे। स्टैंड पर रुकने तक का समय नहीं था। बस खड़ी होते ही फुल हो रही थी।
बॉक्सदिनभर तैनात रही यातायात पुलिस
----------------------------------------
एक और जहां आमजन रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना रहा था, वहीं यातायात पुलिस के जवान यातायात को सुचारू रूप से चलाने में दिनभर डटे रहे। यातायात प्रभारी रामकरण ने बताया कि कर्मचारी सुबह ही ड्यूटी पर तैनात हो गए थे। शहर में कहीं भी जाम नहीं लगने दिया।