फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान में जजपा की चाबी से खुलेगा विस का ताला : दुष्यंत चौटाला

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहाबाद। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजस्थान में इस बार जजपा की चाबी से ही विधानसभा का ताला खुलेगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत करनी होगी। पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को वहां जाकर अपने-अपने स्तर पर दिन-रात कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के आगामी चुनाव में भी महज 300 दिन बचे हैं, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जी-जान से जुटना होगा, तभी सत्ता की उम्मीद की जा सकती है। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला रविवार को कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की नव संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जो सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, उसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें, ताकि संगठन और अधिक मजबूत किया जा सके। चार वर्ष 11 माह पूर्व जींद की धरती पर जब पार्टी की नींव पड़ी थी तो किसी ने यह सोचा नहीं था कि हम 10 विधायक लेकर सत्ता में भागीदारी करेंगे। यह सब संगठन की ताकत है। उन्होंने कहा कि जब नगरपालिका चुनाव हुए तो कुछ लोगों ने कहा कि जजपा गांव की पार्टी है, शहर में इसका वजूद नहीं है, लेकिन शाहाबाद में नगरपालिका का प्रधान जजपा पार्टी के निशान पर विजयी हुआ व सबसे अधिक वोट प्राप्त किए। इसी तरह चीका, इस्माईलाबाद नगरपालिका में भी जजपा का कब्जा है।
दुष्यंत ने कहा कि पंचायत चुनावों में बीसी वर्ग को आठ प्रतिशत आरक्षण दिलाने में वे सफल रहे हैं जबकि नैना चौटाला द्वारा शुरू की गई चुनरी चौपाल की बदौलत आज महिलाओं को पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति, जिला परिषद में आरक्षण मिला। यह बदलाव तभी संभव हुआ जब जजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस रैली के कारण कुरुक्षेत्र लोकसभा के कार्यकर्ताओं की राजस्थान चुनावों में ड्यूटियां नहीं लगाई गई थी, लेकिन कल से यहां के कार्यकर्ता भी राजस्थान चुनावों में डयूटी के लिए तैयार रहें। रैली को विधायक रामकरण काला, प्रदेश सचिव रणधीर सिंह, विधायक रणधीर सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केसी बांगड, चेयरमैन कुल्दीप मुल्तानी, जिला अध्यक्ष कुलदीप जखवाला, नपा प्रधान डॉ. गुलशन कवातरा, अनवर खान, मायाराम चंद्रभानपुर, डा. जसविंदर खैहरा सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
विज्ञापन




दुष्यंत मुख्यमंत्री बने तो वृद्धावस्था सम्मान पेंशन 10 हजार होगी : अजय चौटाला
बोले- 2024 में दुष्यंत चौटाला को मुख्यमंत्री बनाओ मिशन शुरू हो चुका
बिना किसी गठबंधन के अपने दम पर चुनाव लड़ने के भी दिए संकेत
शाहाबाद। पार्टी अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो पार्टी सत्ता में आएगी। प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताए तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़े। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी ने चुनाव पूर्व जो जनता से वादे किए थे, वह सब वादों को पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब मिशन 2024 दुष्यंत चौटाला मुख्यमंत्री बनाओ शुरू हो चुका है।
दुष्यंत चौटाला के मुख्यमंत्री बनने पर वृद्धावस्था सम्मान पेंशन 5100 रुपये ही नहीं 10 हजार रुपये कर दी जाएगी। उन्होंने पार्टी की ओर से यह भी संकेत दिए कि जजपा चुनाव बिना किसी गठबंधन के अपने ही दम पर लड़ेगी। इससे पहले डॉ. अजय सिंह चौटाला को किसान मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूबे सिंह त्यौड़ी, कुलदीप सैनी सूढ़पुर, रामचंद्र ढोला माजरा, मदन गोपाल, मायांचद हबाना, संत सिंह संभालखी, हरवेल लाडी ने गदा देकर सम्मानित किया।


रैली के जरिए कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भरी हुुंकार
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। जजपा की कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की नव संकल्प रैली में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों को देख न केवल उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बल्कि पार्टी अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला भी गदगद दिखाई दिए। रैली के जरिए जहां जजपा ने अपने संगठन का शक्ति प्रदर्शन किया, वहीं इसके जरिए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को अगले चुनाव में मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए हुंकार भी भरी। नारेबाजी करते रहे कार्यकर्ताओं से लेकर मंच से संबोधित करने वाले हर नेता ने उन्हें भावी मुख्यमंत्री करार दिया। रैली को प्रदेश सचिव रणधीर सिंह, विधायक रणधीर सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केसी बांगड, चेयरमैन कुल्दीप मुल्तानी, जिला अध्यक्ष कुलदीप जखवाला, नपा. प्रधान डॉ. गुलशन कवातरा, अनवर खान, मायाराम चंद्रभानपुर, जसविंदर खैहरा सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित किया। साथ ही दुष्यंत चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।

दुष्यंत को मुख्यमंत्री बनाकर ही दम लेंगे : रामकरण

रैली संयोजक रामकरण काला ने भी मंच से ऐलान किया कि दुष्यंत चौटाला को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाकर ही कार्यकर्ता दम लेंगे। उन्होंने कहा कि आज तक दुष्यंत के नेतृत्व में शाहाबाद में जितने विकास कार्य हुए हैं, पहले कभी नहीं हुए। रैली के दौरान दुष्यंत और डॉ. अजय चौटाला का जोरदार स्वागत किया गया। उधर
रैली के पश्चात उप मुख्यमंत्री सीएम दुष्यंत चौटाला गांव किशनगढ़ पहुंचे, जहां पर जजपा नेता राहुल, अंकुर, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन दर्शन सिंह झरौली, जजपा हल्का अध्यक्ष जगबीर मोहड़ी, जजपा नेता राहुल, जिप सदस्य कंवरपाल, सरपंच बंटी छपरा आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।






कांग्रेसी नेता बोले- रैली में कोई नई घोषणा न होने से आमजन मायूस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नगरपालिका के पूर्व प्रधान हरीश कवात्रा, कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉक्टर अनिल भुक्कल, अंबाला के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ कपूर सिंह और पार्षद सुनील बत्तरा ने कहा कि जजपा की नव संकल्प रैली में कोई भी बड़ी घोषणा न होने से भले ही आमजन को मायूसी हाथ लगी है, लेकिन बराड़ा रोड पर पिछले लंबे समय से पसरी गंदगी साफ होने से शहर वासियों व बराड़ा रोड से गुजरने वाले आमजन ने बड़ी राहत महसूस की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें