कुरुक्षेत्र। सरस्वती कॉलोनी में दो घरों का ताला तोड़कर चोर जेवर व 95 हजार रुपये की नकदी चुराकर फरार हो गए। दोनों परिवार शादी समारोह में शामिल होने पंजाब गए थे। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर नमूने एकत्रित किए। थाना सदर में दर्ज शिकायत में सुरेंद्र सिंह निवासी सरस्वती कॉलोनी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर लुधियाना रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब नौ बजे वापस आए तो देखा कि घर के बाहर के गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। चोर दीवार फांदकर घर से करीब 10 तोले सोने व 25 तोले चांदी के जेवर व 60 हजार रुपये नकदी चुराकर ले गए। चोर उसके ताऊ के घर से भी करीब एक तोले सोना व 10 तोले चांदी के जेवर और 35 हजार रुपये नकदी चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।