शाहाबाद। जिला नगर योजनाकार की टीम ने चार जगहों पर लगभग 11 एकड़ में पनप रही अवैध कॉलोनियों व एक ढाबा सहित चार कमरों को जेसीबी से गिराया।
डयूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ डीटीपी की टीम ने गांव छपरा में लगभग आठ एकड़, गांव जंदहेडी में लगभग 2.5 एकड़, गांव जनैपुरा में लगभग आधा एकड़ में पनप रही तीन अवैध काॅलोनियोंं की सडक़ें, सीवरेज, मैनहोल और गेट के अवैध निर्माण को तथा गांव कल्याणा में एनएच-44 पर एक ढाबा सहित चार कमरों को हटाया गया। डीटीपी विक्रम सिंह ने कहा कि डीटीपी विभाग के पास उक्त मामला आया था, जिसके उपरांत विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे लेकिन इन आदेशों को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके चलते ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी न करने पर यह कार्रवाई की गई।