कुरुक्षेत्र। जिंदल चौक पर अतिथि अध्यापकों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जन संघर्ष मंच हरियाणा ने कड़ी निंदा की है। पुलिस ने प्रदर्शनकारी अध्यापकों पर पानी की बौछारें छोड़ीं और लाठियां चलाईं। मंच ने घायल अध्यापकों के मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। महासचिव सुदेश कुमारी ने बताया कि 10 अक्तूबर को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन और लाठियों का इस्तेमाल हुआ। इस कार्रवाई में एक अध्यापक के सिर और दूसरे की आंख में चोट लगी। सुदेश कुमारी ने इसे सरकार और पुलिस की क्रूर कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि अतिथि अध्यापक कई महीनों से नियमित करने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। मंच ने अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की मांग का भी समर्थन किया।