कुरुक्षेत्र। प्रदेश के 11 जिलों की जेलें अब कुरुक्षेत्र की तर्ज पर फिलिंग स्टेशन चलाएंगी। यहां संबंधित जेल के ही बंदी से लेकर कैदी तक वाहनों में पेट्रोल व डीजल भरेंगे। इसके लिए इंडियन ऑयल कार्पोरेशन व जेल विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। उम्मीद है कि इसी वर्ष के अंत तक योजना सिरे चढ़ जाएगी।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 31 जून 2022 को कुरुक्षेत्र जेल फिलिंग स्टेशन स्थापित किया गया था, जो बेहतर रूप से संचालित है। लोगों का इस फिलिंग स्टेशन पर भरोसा बढ़ा है, जिसके चलते फिलिंग स्टेशन की पेट्रोल व डीजल की बिक्री भी हर रोज 14 से 15 लाख रुपये तक रही है, जो प्रदेश भर में सबसे अव्वल है। फिलिंग स्टेशन का एक वर्ष पूरा होने पर 31 मई को केक काटकर जश्न मनाया गया।
इसके लिए विशेष कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील व इंडियन ऑयल के अधिकारी भी मुख्य तौर पर शामिल रहे। अब इसी तर्ज पर 11 और जिलों में ऐसे ही फिलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जो जेल के साथ ही होंगे। ये वे जेलें हैं जो मुख्य रोड पर स्थित हैं। इनमें करनाल, यमुनानगर, अंबाला, जींद, फरीदबाद, गुरुग्राम, भिवानी सहित अन्य जिलों की जेलें शामिल हैं। - संवाद
150 बंदी व कैदियों को दिया जा चुका प्रशिक्षण
अन्य जेलों द्वारा भी फिलिंग स्टेशन संचालन को लेकर बंदी व कैदियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए कुरुक्षेत्र जेल को ही सेंटर बनाया गया है। अब तक यहां 150 से ज्यादा करनाल, यमुनानगर व अंबाला आदि जेलों के बंदी व कैदी प्रशिक्षण ले चुके हैं। करीब दो से तीन माह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और हर जेल से पांच-पांच बंदी व कैदी लाए जाते हैं। इन्हें प्रशिक्षण देने के लिए जेल विभाग के साथ-साथ इंडियन ऑयल की ओर से विशेषज्ञ भी यहां तैनात किए गए हैं। पहले जेल के अंदर बंदी व कैदियों को बेसिक जानकारी के साथ-साथ फिलिंग स्टेशन पर अभ्यास भी कराया जाता था, लेकिन अब जेल में ही इंडियन ऑयल की ओर से डेमो मशीन लगाई गई है और इसी पर ही अभ्यास कराया जाएगा।
जेल से छूटने के बाद मिलेगा रोजगार
प्रशिक्षण लेने के बाद बंदी व कैदी कभी भी जेल से छूटने के बाद किसी भी फिलिंग स्टेशन पर रोजगार कर सकेंगे। जहां जेल में रहते हुए उन्हें हर रोज महज 40 रुपये मिलते हैं, वहीं जेल फिलिंग स्टेशन पर काम करने के दौरान ही हर रोज 120 रुपये दिए जाते हैं।
कुरुक्षेत्र जेल के हर बंदी व कैदी को देंगे प्रशिक्षण : सोमनाथ
कुरुक्षेत्र जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत का कहना है कि यहां बंद हर कैदी व बंदी को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि बाहर जाने पर भविष्य में उनके काम आ सके। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जेल फिलिंग स्टेशन पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर स्थापित किया गया था, जो बेहद सफल रहा है। अब 11 अन्य जिलों में इसी तर्ज पर फिलिंग स्टेशन चलाए जाएंगे।