कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में विजय दिवस रजत जयंती महोत्सव के तहत संवाद व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यातिथि भारतीय सेना के अतिरिक्त तोपखाना महानिदेशक मेजर जनरल अरविंद यादव रहे। कार्यक्रम में कारगिल शहीदों के परिजनों व कारगिल योद्धाओं को सम्मानित किया गया। आईआईएचएस के प्रांगण में पौधरोपण किया तथा विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट के साथ संवाद किया, जिसमें भारतीय सेना द्वारा किए गए बलिदान के बारे में बताया तथा देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी ने कहा कि शहीदों, वीर जवानों द्वारा देश की सीमाओं पर दिए गए बलिदान से युवाओं को प्रेरणा लेकर देश सेवा के अग्रणी रहकर कार्य करने की आवश्यकता है। डी-5 मोटरसाइकिल दल के 36 सदस्यों की 10 हजार किलोमीटर की यात्रा द्रास में जाकर संपन्न होगी। मुख्यातिथि कुवि के पूर्व छात्र मेजर जनरल अरविंद यादव ने कहा कि सैनिक अपना पूरा जीवन देश की सेवा व सुरक्षा के लिए समर्पित करता है इसलिए उनका मान, सम्मान करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी बनती है। इस प्रकार के कार्यक्रम समाज और सैनिकों को परस्पर जोड़ने का कार्य करते हैं।
मिलिट्री साइंस एवं मिलिट्री स्टडीज को शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रमों में शामिल करने का आग्रह किया ताकि युवा पीढ़ी देश के प्रति जान न्योछावर करने वाले वीर जवानों के बलिदान व शौर्य गाथा को जान सकें और उनका सम्मान करें। एनसीसी को बढ़ावा देने और युवाओं को अनुशासन में रहकर देश सेवा करने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रो. डीएस राणा, प्रो. ब्रजेश साहनी, प्रो. विवेक चावला, आईआईएचएस प्राचार्य प्रो. रीटा दलाल, प्रो. कुसुमलता, प्रो. अनिल गुप्ता, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, कैप्टन परमजीत सिंह, डॉ. वीरेंद्र पॉल, जिला सैनिक बोर्ड के आरआर शर्मा सहित कारगिल शहीदों के परिजन, कारगिल योद्धा सहित अन्य धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इन कारगिल शहीदों के परिजनों व योद्धाओं को किया सम्मानित
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कार्यक्रम में कारगिल शहीद सिपाही संजीव कुमार की माता पार्वती देवी, शहीद नायक जसविंद्र सिंह की धर्मपत्नी सिमरजीत कौर, शहीद सिपाही गुलाब सिंह की माता मेरो देवी, शहीद राइफलमैन परवेश कुमार की माता कमलेश देवी व कारगिल युद्ध में अपनी दोनों टांग खोने वाले नायक सूबेदार स्वर्ण सिंह को सम्मानित किया गया और सभी को सम्मान स्वरूप 35 हजार रुपये व शाल सम्मान में प्रदान की गई। कुरुक्षेत्र के कारगिल योद्धाओं में सूबेदार मेजर (आन कप्तान) सुरेंद्र मोहन शर्मा, सूबेदार मेजर (आन कप्तान) गुरमेल सिंह, सूबेदार रविंद्र कौशिक, सिपाही सतनाम सिंह, हवलदार मुकेश, नायक बहादुर सिंह, सूबेदार मेजर गुरमीत सिंह, हवलदार राज सिंह, सूबेदार मेजर करम सिंह, हवलदार करमचन्द, सूबेदार मेजर (आन कप्तान) गुरमीत सिंह, आन कप्तान बलजीत सिंह, नायक बलबीर सिंह व हवलदार सतपाल सिंह को भी सम्मानित किया गया।
कुरुक्षेत्र। कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए मुख्यातिथि सहित अन्य। संवाद