कुरुक्षेत्र। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठोल में एक दिवसीय 185 वां नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नशे के विरुद्ध जागरुकता यात्रा निकाली गई। इस दौरान नशा न करने की शपथ ली गई।
हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए कहा कि सबसे पहले तो परिवार, समाज, संगत और सबसे अधिक चलचित्र अभिनेताओं के अभिनय को देखकर आज का युवा प्रभावित होकर नशा सीख रहा है। कुछ पंजाबी गानों में तो नशे के सेवन को बहुत ही रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है कि युवा उस और आकर्षित होकर नशा लेने लग जाते हैं। इसके अतिरिक्त बेरोजगारी, अवसाद, घरेलू कलह, गरीबी, असफलता, अशिक्षा, जागरूकता की कमी भी इसके मुख्य कारण हो सकते हैं। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए जागरूकता और शिक्षा सबसे बड़ा और सबसे उपयोगी शस्त्र सिद्ध हो सकता है क्योंकि नशे की दलदल में फंसने वाले युवाओं को नशे के दुष्परिणामों का ज्ञान ही नहीं होता है। पहले वे नशे का सेवन मौज मस्ती के लिए करते हैं, लेकिन बाद में आदि हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छा शक्ति से कोई भी व्यसन छोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि 9050891508 पर गुप्त सूचनाएं देने के साथ नशा छोड़ने वाले भी संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा न करने की शपथ ली और गांव में नशे के विरुद्ध पैदल जागरूकता यात्रा निकाली गई। उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार एवं प्रयास सदस्य सेवानिवृत उप निरीक्षक कर्म चंद और विद्यालय की प्राचार्या सीमा आर्य ने भी संबोधित किए। मंच का संचालन डॉ. जय सिंह ने किया। इस अवसर पर शिक्षक सुरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, डॉ. जय सिंह, राजेश कुमार, जसविंद्र, श्यामलाल अंशुल खुराना, ऋतू शर्मा, इंदु सरोहा आदि ने भाग लिया।