क्षेत्र के एक मंदिर में महिला को पूजा अर्चना के लिए प्रवेश न करने देने व मारपीट के सामने आए मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला की शिकायत पर वीरवार को महिला पुलिस अधिकारी ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल भी की। शिकायतकर्ता महिला संबंधित पुलिस चौकी में गई और आरोपियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई। महिला ने शिकायत में पुजारी व एक युवक पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने जल्द व सही जांच नहीं की तो वे उच्च अधिकारियों से भी मिलेंगी। उधर सेक्टर-5 में स्थित पुलिस चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार का कहना है कि महिला की शिकायत में लगाए आरोपों के मामले में महिला पुलिस अधिकारी द्वारा जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया गया है।