कुरुक्षेत्र। पिछले माह ही 20 दिनों से ज्यादा तक डिपो संचालकों की हड़ताल के बाद राशन वितरण पूरी तरह से पटरी पर आया भी नहीं था कि अब पिछले नौ दिनों से इंटनेट ठप है। इससे 1,72,883 कार्ड धारक परिवारों का राशन अटक गया है, जिसके चलते इनके समक्ष अब फिर खाने का संकट दिखाई देने लगा है।
जिले भर में डिपो की संख्या 485 है, जबकि छह नए डिपो को पिछले माह ही लाइसेंस जारी किए गए है, जिससे अब डिपो की संख्या बढ़कर 491 हो गई हैं। इसके अलावा 100 नए डिपो भी जल्द बनाए जाएंगे। जिले में एक लाख 72 हजार आठ सौ 83 कार्ड धारक है, जिनमें से 16 हजार एक 52 गुलाबी कार्ड धारक और एक लाख 56 हजार सात सौ 31 पीले कार्ड धारक शामिल है।
पिछले माह डिपो होल्डरों की हड़ताल के चलते जहां लोगों को राशन लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा तो वहीं अब इंटरनेट सेवाएं बंद होने के चलते राशन न मिलने से लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। इंटरनेट सेवाएं बंद होने से लोगों के सामने राशन न मिल पाना अब संकट बनने लगा है।
जिले भर के 491 डिपो पर हर महीने 26 हजार क्विंटल गेहूं और 13 हजार क्विंटल बाजरा वितरित किया जाता है, जबकि सरसों की तेल की जगह अब चार लाख 13 हजार 800 लीटर सूरजमुखी का तेल भी वितरित किया जाता है। इसके अलावा दो हजार क्विंटल चीनी वितरित की जाती हैं। संवाद
इंटरनेट बंद से हो रही परेशानी
कमलेश रानी का कहना है कि इंटरनेट बंद होने के चलते डिपो से राशन नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले महीने डिपो होल्डरों की हड़ताल के कारण परेशानी झेलनी पड़ी और अब इंटरनेट बंद होने के कारण राशन नहीं मिल पा रहा। डिपो पर चक्कर लगाने पर डिपो संचालक इंटरनेट न चलने की बात बार-बार कह रहा है।
नहीं चल रही पीओएस मशीनें
विनोद कुमार ने बताया कि पिछले माह डिपो की हड़ताल होने से राशन देरी से मिला और अब पिछले कई दिनों से इंटरनेट बंद होने के कारण पीओएस मशीनें बंद है। डिपो पर राशन लेने के लिए पहुंचने पर इंटरनेट बंद होने का हवाला देकर ही वापिस भेज दिया जाता है। अब इंटरनेट कब चलेगा पता नहीं। इस बार भी पिछले महीने की तरह देरी से राशन मिलेगा।
इंटरनेट शुरु होने पर बंटेगा राशन
डिपो एसोसिएशन के जिला प्रधान राजेंद्र शर्मा का कहना है कि कई डिपो पर जिला प्रशासन की ओर से राशन भेजा जा चुका है, जबकि कुछ पर पहुंच भी रहा है, लेकिन इंटरनेट बंद होने के चलते जिले भर के डिपो पर राशन नहीं बंट पा रहा है। इंटरनेट शुरू होने पर पीओएस मशीनें चलेंगी और लोगों को राशन बांटा जाएगा।
हालात सामान्य होते ही लोगों को मिलेगा राशन
खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी सुरेंद्र सैनी का कहना है कि हालात सामान्य होते ही सभी लोगों को राशन बांटा जाएगा, जबकि डिपो होल्डरों को वाई-फाई सुविधा से मशीन चलाकर राशन वितरित करने के लिए भी कहा गया है और कई डिपो होल्डर वाई-फाई की सुविधा का प्रयोग कर लोगों को राशन भी बांट रहे हैं।