संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में राष्ट्रपति के आगमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। होटल, धर्मशाला, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव स्थल से लेकर शहर के चप्पे-चप्पे का गहनता से जायजा लिया जा रहा है। बम निरोधक दस्ता भी शनिवार को पहुंच चुका है, जिसने चप्पे-चप्पे की जांच की।
बता दें 29 नवंबर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू धर्मनगरी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होंगी। नौ एसपी, 28 डीएसपी सहित चार हजार पुलिस के जवानों पर उनकी सुरक्षा का जिम्मा है। इसे लेकर जिला पुलिस कप्तान सुरेंद्र सिंह भौरिया के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों की एक बैठक भी हुई। इस बैठक में सुरक्षा को लेकर रणनीति बनाई गई तथा ड्यूटियां निर्धारित की गई। एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा कि वीवीआईपी और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए जिला पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। करीब चार हजार पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी इस सुरक्षा व्यवस्था को संभाल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस व कमांडो दस्ते द्वारा ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एंटी सबोटाज टीम ने ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में जांच की। वहीं जिला पर्यटक पुलिस की ओर से मेला क्षेत्र में नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। पर्यटक पुलिस की विशेष गाड़ी क्षेत्र में घूमकर किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता व सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है।
ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी रहेगी। सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी कंपनी या व्यक्तिगत ग्लाइडर या ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं है। इसके बारे में सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सभी जगहों पर प्रोटोकॉल के अनुसार तैयारियां की जा रही है। इसी के चलते उपायुक्त शांतनु शर्मा व पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरियां ने शनिवार को देर सायं कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तो अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।