ब्रह्मसरोवर से मिले बच्चे को संभालती एसपीओ अनीता।
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के अर्जुन घाट पर अल सुबह एक तीन माह का बच्चा लावारिस अवस्था में बरामद हुआ। बच्चा ब्रह्मसरोवर पर बनी सदरियों में कंबल के अंदर लिपटा हुआ था। सुबह सैर करने आए गांव समसीपुर के निवर्तमान सरपंच हरपाल सिंह ने बच्चों को देखकर मामले की सूचना डायल-112 पुलिस को दी। डायल-112 पुलिस ने बच्चे को कब्जे में लेकर केयूके पुलिस के हवाले कर दिया।
निवर्तमान सरपंच हरपाल सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब तीन बजे वह ब्रह्मसरोवर पर सैर कर रहा था। ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी साइड पर सैर करते हुए उसे लाल रंग के कंबल में लिपटा एक बच्चा रोता हुआ सुनाई दिया। वह बच्चे के पास गया तो वहां कोई मौजूद नहीं था। उसने तुरंत मामले की सूचना डायल-112 वाहन को दी। वहीं पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
महिला पुलिस कर्मी ने मासूम पर बरसाया प्यार
जैसे ही पुलिस को ब्रह्मसरोवर के अर्जुन घाट पर मासूम लावारिस हालत में कंबल में लिपटा होने की सूचना मिली तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपीओ अनीता ने बच्चे को गोद में उठाया और उस पर खूब प्यार बरसाया। कैथल की शिशु वाटिका भेजे जाने से पहले उसी ने ही बच्चे की देखभाल की। उधर, पुलिस जांच से प्रतीत हो रहा है कि रात के समय कोई दंपति बच्चे को ब्रह्मसरोवर पर छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।
कई महिलाओं ने यशोदा बनकर बढ़ाए हाथ
ब्रह्मसरोवर से तीन माह का मासूम अल सुबह कंबल में लिपटा मिला तो हर कोई सन्न रह गया। इसे मासूम का दुर्भाग्य कहें या हालात की मार कि बच्चे को जन्म देने वाली मां ने अपनी ममता तार-तार करते हुए उसे लावारिस हालत में छोड़ दिया, लेकिन कई महिलाएं यशोदा बनकर बच्चे को गोद लेने के लिए आगे आईं। बच्चा मिलने की सूचना क्षेत्र में एकदम फैल गई। कई लोग बच्चा गोद लेने की इच्छा से थाने में पहुंच गए। ज्योतिसर वासी एक महिला ने बताया कि उसके पुत्र व पुत्रवधू नि:संतान है। उनकी शादी को चार साल हो गए हैं। वह भी अपने पौत्र-पोत्र का मुंह देखने के लिए तरस रही है। वहीं दीदार नगर वासी महिला ने बताया कि उसके दो बेटे और बहुएं हैं, मगर उनके परिवार में कोई बच्चा नहीं है। वह इस बच्चे को गोद लेने के लिए तैयार है। हालांकि बच्चा गोद लेने की इच्छा कानूनी अड़चन के चलते इन महिलाओं की भी पूरी नहीं हो सकी। वहीं थाना केयूके प्रबंधक राजपाल ने बताया कि पुलिस ने बच्चे का मेडिकल कराकर उसे शिशु वाटिका कैथल को सौंप दिया है। पुलिस बच्चे के माता-पिता की तलाश कर रही है।