सड़क दुर्घटना में घायल युवक की 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गत 17 अक्तूबर को 18 वर्षीय सुनील कुमार बाइक से अपने गांव हिरण छप्पर जा रहा था, गनगौरी पावर हाउस के पास एक अनियंत्रित बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज चंडीगढ़ में शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को दी अपनी शिकायत में मांगा राम पुत्र रामकिशन निवासी हिरण छप्पर रादौर ने बताया कि उसका छोटा भाई 18 वर्षीय सुनील कुमार मेहनत मजदूरी का काम करता था। गत 17 अक्तूबर को वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर लाडवा से वाया मुस्तफाबाद रोड अपने गांव हिरण छप्पर जा रहा था। जैसे ही वह गनगौरी पावर हाउस के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे बाइक चालक ने उसके भाई की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार उसका भाई सड़क पर गिर गया जिससे उसे सिर व अन्य कई जगह पर गंभीर चोटें लगी। घायल अवस्था में उसके भाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले जाया गया लेकिन गंभीर चोटें होने के कारण उसे कुरुक्षेत्र एलएनजेपी अस्पतालरेफर कर दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ती देख उसे मेडिकल कॉलेज चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।