फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: जनसंवाद में सरकार ने टटोला जन का मन, दिखे संतुष्ट

Wed, 03 May 2023 01:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कुरुक्षेत्र। हमारी सरकार ने कुछ अच्छा किया भी है या नहीं। पहले की सरकार की अपेक्षा हम कहां तक आगे बढ़ पाएं है। ये सवाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने जनसंवाद कार्यक्रम के दूसरे दिन गांव धुराला, ज्योतिसर व अभिमन्युपुर में लोगों से रूबरू होते हुए किए, जिन पर लोगों ने भी खूब जवाब दिए। ई-टेंडरिंग, भ्रष्टाचार, आयुष्मान, ऑनलाइन तबादले, मालिकाना हक, बुनियादी ढांचे से लेकर अन्य कई योजनाओं पर एक के बाद एक सवाल लोगों से मुख्यमंत्री ने किए। इसी दौरान गांवों के सरपंचों से भी सरकार की एक-एक अच्छी योजना पूछी। सरपंचों व लोगों के अधिकतर सकारात्मक जवाब आए तो मुख्यमंत्री के चेहरे पर भी आत्मसंतुष्टि के भाव दिखे।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पहले की सरकारों ने जो सिस्टम बिगाड़े, उसे ठीक कर आगे बढ़ा जा सके। इस पर सरकार सफल भी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोगों को किसी भी योजना के लाभ के लिए लाइनों में नहीं खड़ा होना पड़ता, सभी प्रकार के लाभ ऑनलाइन मिल रहे हैं। नौकरी के लिए पर्ची-खर्ची का सिस्टम ही पूरी तरह से बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में 44 हजार नए राशन कार्ड बनाए गए हैं। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सरकार द्वारा सब परिवारों का डाटा एकत्रित किया गया है। एक लाख 80 हजार रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों के स्वत: ही राशन कार्ड बनाए गए हैं। इसके लिए सबसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के तहत कुरुक्षेत्र जिला का ही चयन किया गया था। गांव धुराला में 2654 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। यही नहीं इनमें से 523 लोगों ने इस योजना के तहत फायदा उठाया है और सरकार की ओर से 52 लाख 23 हजार रुपए की राशि खर्च की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से व्यवस्था की गई है कि बुजुर्ग आदमी जब 60 साल का हो जाता है तो परिवार पहचान पत्र के माध्यम से उसकी पेंशन भी खुद ही बन जाएगी। उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। इस गांव में 13 लोगों की पेंशन अपने आप बनी है।
विज्ञापन

तालाबों की सफाई के कार्य सरपंच अपने स्तर पर करवाएंगे
मुख्यमंत्री ने हर कार्यक्रम में आसपास के गांव के करीब 30 सरपंचों से बातचीत करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि तालाबों से संबंधित सफाई के कार्य वह स्वयं करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें स्थानीय बीडीपीओ कार्यालय में लिखित रूप में देना होगा और तालाब की खुदाई का जो भी पैसा होगा, वह उन्हें प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सरपंचों से प्राप्त सामुदायिक केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, सडक़, जल निकासी व अन्य से संबंधित मांगो को भी पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

जहां हाईवे का निर्माण रुकवाया, वहीं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम के पहले दिन झांसा में किसानों की मांग पर नेशनल हाईवे 152-जी पर शाहाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सड़क बनाने पर रोक लगाई थी। मंगलवार को सुबह उन्होंने मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि इस पर किसानों को नुकसान नहीं होना चाहिए। फसल पानी के दबाव में न मरे, यह ध्यान रखा जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें