कुरुक्षेत्र। जिला भर में शुक्रवार को भी जमकर बारिश हुई, जिससे कई में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अल सुबह से ही बारिश शुरू हुई, जो करीब दो घंटे तक जारी रही। 25 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे एक बार फिर शहर पानी-पानी हो गया। शहर की अनेक कॉलोनियों से लेकर निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इससे हाल ही में बाढ़ का कहर झेल चुके लोगों की चिंता बढ़ गई। वहीं आगे चार दिन और बारिश का मौसम रहने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते किसानों की चिताएं भी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यह लगातार बारिश एक बार फिर धान रोपाई पर कहर बन सकती है। किसानों का कहना है कि अभी बाढ़ व जलभराव से पूरी तरह निजात भी नहीं मिल पाई है कि अब फिर बारिश का मौसम हुआ है, जिससे यह समस्या और बढ़ने की आशंका बन गई है।