सरकार की योजना डायल 112 के तहत शनिवार को एलएनजेपी अस्पताल में एक मोबाइल वैन को लांच किया गया है। यह मोबाइल वैन 112 नंबर पर काल करने के बाद 15 मिनट के अंदर मरीज के पास पहुंचेगी। सांसद नायब सिंह सैनी व विधायक सुभाष सुधा ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। इस अवसर पर सांसद सैनी ने कहा कि राज्य सरकार नई-नई योजनाओं पर निरंतर काम कर रही है और उन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा डायल 112 योजना को लांच कर दिया गया है। अब एंबुलेंस, फायर बिग्रेड, पुलिस सहायता आदि सेवाएं एक ही नंबर पर काल करते ही आमजन के लिए उपलब्ध होनी शुुरू हो गई है और एक कॉल करते ही यह सभी सुविधाएं व्यक्ति तक 15 मिनट के अंदर पहुंच जाएंगी। जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि यह मोबाइल वैन पेशेंट सीट, स्ट्रेचर, इमरजेंसी किट सहित अन्य सुविधाओं से लैस है। यह मोबाइल वैन कुरुक्षेत्र जिला में आमजन की सुविधा के लिए हर समय तैयार रहेगी और कॉल आने पर 15 मिनट के अंदर मरीज के पास पहुंच जाएगी। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. रमेश सभ्रवाल, प्रवीण सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।