जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिलेभर में अभी तक 110 से अधिक डेंगू पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। उपायुक्त मुकुल कुमार ने बढ़ते डेंगू के प्रकोप पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने कहा कि अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों में स्थानीय विभाग तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए तथा साथ ही फॉगिंग पर बल दें। स्वास्थ्य विभाग को डेंगू की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने होंगे और विशेष प्रयास करने होंगे। डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे है। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय रहना होगा और ये टीमें लगातार लार्वा की जांच करें तथा दवाई इत्यादि का छिड़काव करने पर भी बल दें। उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि डेंगू के मामलों को कम करने के पूरे प्रयास करने होंगे, क्योंकि लक्षण वाले अभी तक अधिकतर टेस्ट में डेंगू के मरीज मिल रहे है। इसके साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कोविड संक्रमण की रोकथाम में निरंतर आवश्यक कदम उठाए और कोविड वैक्सीनेशन में तेजी लाएं तथा विशेष तौर पर दूसरी डोज लगाने के लिए दूसरी डोज के पात्र लोगों से संपर्क साधने और उन्हें वैक्सीनेट करने का काम करें। डेंगू और कोरोना की रोकथाम के लिए विशेष बल दिया जाए और साथ ही कोविड के टीकाकरण में तेजी लाते हुए दूसरी डोज लगाने पर ध्यान केंद्रित किया जाए।