इस्माईलाबाद। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय केंद्र सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत डिप्टी सिविल सर्जन डॉ.करूणा ढींगरा के मार्गदर्शन एवं डॉ. गीतिका के नेतृत्व में शहीद बलबीर सिंह राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय 10 से 17 नवंबर तक सात दिवसीय नि:शुल्क हेल्थ मेडिकल चेकअप शिविर लगाया गया। प्रधानाचार्य भीमसेन ने बताया कि इस शिविर में कक्षा छठी से कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया। शिविर में 687 विद्यार्थियों की आंखें, रक्त, बीपी, दांत एवं लड़कियों के स्वास्थ्य संबंधित जांच की गई। डॉ. गीतिका ने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। निरोगी हरियाणा स्कीम के अंतर्गत जिन परिवारों की वार्षिक आय 1,80,000 रुपये से कम है, उनका पांच लाख तक का इलाज सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में नि:शुल्क किया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सेहत का ध्यान रखने एवं संतुलित आहार का उपयोग करने पर जोर दिया। इस शिविर में स्कूल हेल्थ एम्बेसडर एवं जीव विज्ञान प्राध्यापिका रचना ने विशेष सहयोग किया। मेडिकल टीम में डॉ. गीतिका, डॉ. रोहित शर्मा, फार्मासिस्ट संजय कुमार एवं एएनएम राम भतेरी शामिल रहे।