कुरुक्षेत्र। पिपली के अमन कुमार पासवान ने मलिकपुर बांगर निवासी सुरेंद्र कुमार को उसका नकदी से भरा पर्स लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया। सुरेंद्र कुमार किसी कार्य के लिए परिजनों के साथ जाते समय पिपली पेट्रोल पंप शौचालय के लिए रुके और इसके बाद वे अपने घर के लिए रवाना हो गए। घर पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि उनका पर्स जिसमें 10 हजार रुपये व जरूरी कागजात थे, वह पेट्रोल पंप के शौचालय में ही गिर गया। उन्होंने पर्स मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी लेकिन उनको उसी दिन शाम को अमन पासवान नामक युवक का फोन आया जो कि पेट्रोल पंप के पास गुप्ता स्वीट्स पिपली पर वर्कर है। उसने बताया कि पर्स उनके पास है। सुरेंद्र कुमार तुरंत गुप्ता स्वीट्स पर पहुंचे और अमन कुमार से मिले, जहां उन्हें उनका पर्स 10 हजार रुपये सहित लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया। सुरेेंद्र कुमार ने अमन का आभार जताया और इनाम भी दिया।