संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। रत्नावली महोत्सव के दूसरे दिन ओपन एयर थियेटर में हरियाणवी किट-बिट प्रतियोगिता में 16 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने चुटकुलों से दर्शकों को गुदगुदाया। किट-बिट प्रतियोगिता में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, सोनीपत की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। वहीं दूसरे स्थान पर गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स उगलान, हिसार व तीसरा स्थान एसडी महिला महाविद्यालय, नरवाना ने प्राप्त किया।
गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्ज उगालान, हिसार की छात्रा भतेरी ने कमांडर के चुटकुलों से दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। एसयूएस गवर्नमेंट कॉलेज मटक माजरी, करनाल के हरि प्रसाद ने बटेउ के ऊपर चुटकुला सुनाया, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां सोनीपत की छात्रा प्रिया ने घर की कहानी, गवर्नमेंट कॉलेज जींद के नवदीप बरसोला सहित गवर्नमेंट कॉलेज हांसी, गवर्नमेंट कॉलेज अलेवा, महाराणा प्रताप नेशनल कॉलेज मुलाना अंबाला के प्रतिभागियों ने खूब मनोरंजन किया।
वहीं केएम गवर्नमेंट कॉलेज नरवाना, गवर्नमेंट कॉलेज भेरियां, पेहवा, गवनमेंट कॉलेज नारनौंद, हिसार, आरकेएसडी पीजी कॉलेज कैथल, आर्य पीजी कॉलेज पानीपत, माता सुंदरी खालसा गर्ल्ज कॉलेज निसिंग करनाल, सीआरएसयू यूनिवर्सिटी जीन्द के प्रतिभागियों ने चुटकुलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की भूमिका में रघु मलिक, आजाद सिंह दून व संतराम देसवाल मौजूद रहे।
स्किट में आर्य पीजी कॉलेज पानीपत प्रथम
ओपन एयर थियेटर में स्किट प्रतियोगिता में 11 कॉलेजों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्किट प्रतियोगिता में आर्य पीजी कॉलेज पानीपत की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान आरकेएसडी पीजी कॉलेज कैथल तथा गवर्नमेंट कॉलेज अलेवा, जींद ने तीसरा स्थान हासिल किया।
केयू के ओपन एयर थियेटर में किट-बिट प्रतियोगिता का आनंद लेते दर्शक। संवाद- फोटो : Kurukshetra
केयू के ओपन एयर थियेटर में किट-बिट प्रतियोगिता में हिस्सा लेतीं छात्राएं। संवाद- फोटो : Kurukshetra