कुरुक्षेत्र। प्रसिद्ध दुखभंजन मंदिर में मंगलवार को हवन किया गया, जिसमें वीर बजरंगबली के भक्तों ने सबकी सुख-शांति के लिए पूर्ण आहूतियां डालीं। वीर बजरंगबली को सिंदूर व फूलों से सजाया गया। बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि हनुमानजी प्रभु श्रीराम के सबसे अनन्य, नि:स्वार्थ और परम भक्त हैं। हनुमानजी ने कभी भी अपने महान कार्यों के लिए कोई श्रेय या फल की इच्छा नहीं रखी। उनका हर कार्य केवल प्रभु श्री राम को प्रसन्न करने के लिए होता था। उनका रोम-रोम श्रीराम के नाम से स्पंदित है। इस अवसर पर कुलवंत सिंह भट्टी, प्रदीप तिवारी, सुरेश अरोड़ा, हर्षित मिगलानी आदि श्रद्धालु प्रमुख रूप से मौजूद रहे।