कुरुक्षेत्र। विधानसभा में नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद किया। आरोपी ने क्लर्क लगवाने के नाम 10 लाख रुपये मांगे थे। थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में रकबीर सिंह निवासी नगला ने बताया कि तीन साल पहले जनवरी 2021 को उसका दोस्त बलजीत सिंह निवासी मामूमाजरा उसे पैराकीट पिपली में मिला था। वह अपने दोस्त के साथ अपने भतीजे हर्षदीप सिंह को नौकरी लगवाने की बात कर रहा था। उसी समय दोस्त के साथ आए सतिंद्र निवासी सुभरी जिला अंबाला ने बताया कि चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा में उसकी अच्छी जान-पहचान है।
वह उसके भतीजे को क्लर्क लगवा देगा। इस एवज में आरोपी ने उससे 10 लाख रुपये मांगे थे। इसमें पांच लाख एडवांस देना तय हुआ था। उसने दो बार में आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के खाते में पांच लाख रुपये भेजे थे। तब आरोपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनका काम हो जाएगा, मगर तीन महीने बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी। रुपये लेने के बाद आरोपी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। वह आरोपी के घर भी गया, मगर आरोपी पहले ही वहां से फरार गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद