कुरुक्षेत्र। देश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के भवनों का निर्माण करने के लिए सरकार ने बजट में 100 करोड़ रुपये का और इजाफा किया है, अब इस विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण का बजट 100 करोड़ से बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये कर दिया है। अहम पहलू यह है कि इस विश्वविद्यालय के भवनों का निर्माण कार्य जल्द शुरु करने की जिम्मेवारी हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) को सौंपी गई है।
विधायक सुभाष सुधा ने शुक्रवार को बजट सत्र के पहले दिन थानेसर हल्का के ही नहीं हरियाणा प्रदेश के आयुष की पढ़ाई करने वाले हजारों विद्यार्थियों की मांग को रखा। विधायक ने विस सत्र में मांग रखते हुए कहा कि गांव फतुपुर में आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण 100 एकड़ भूमि पर किया जाना है। इस जमीन की वर्ष 2018 में चहारदीवारी की जा चुकी है और अन्य भवनों का निर्माण करने के लिए बजट सत्र 2019-20 में 100 करोड़ रुपये का बजट आयुष विश्वविद्यालय के लिए पास किया गया था, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करने की मांग विधानसभा सत्र में रखा गया।
उन्होंने कहा कि इस प्रश्न पर हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना ग्राम फतुपुर जिला में 94 एकड़ 5 कनाल 1 मरला भूमि में की जा रही है। सरकार ने फैसला लिया है कि हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) द्वारा इस प्रोजेक्ट को जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने सदन को यह भी बताया कि इस कार्य के लिए एक कमेटी बनाई गई है तथा बजट में 100 करोड़ की राशि को बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये करने का प्रावधान भी किया गया है। विधायक ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय का निर्माण शुरु होने से प्रदेश ही नहीं देश भर के हजारों विद्यार्थियों की मांग पूरी हो जाएगी।