कुरुक्षेत्र। कनाडा का वर्क वीजा देने के नाम पर सात लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को नामजद किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता से सात लाख रुपये एडवांस और पासपोर्ट लिया था। थाना केयूके में दर्ज शिकायत में कर्णदीप सिंह निवासी बगथला ने बताया कि रोहित मसीह निवासी खारवन जिला यमुनानगर ने उसे 21 लाख रुपये में वर्क परमिट पर कनाडा भेजने का आश्वासन दिया था। उसकी बातों में आकर उसने अपना पासपोर्ट और कुल सात लाख रुपये आरोपी को दिए थे। एक साल तक आरोपी ने उसे कनाडा नहीं भेजा और न ही उसके रुपये लौटाए। रुपये मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। उसने मामले की शिकायत पुलिस को देने की धमकी दी तो आरोपी ने फरवरी में उसे एक गाड़ी देने का इकरार किया, मगर आरोपी ने उसके रुपये और पासपोर्ट नहीं लौटाया और न ही कोई गाड़ी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।