कुरुक्षेत्र। फर्जी सहकारी समिति खोलकर लाखों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में महिला ने आरोपियों पर 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। साथ ही गृहमंत्री, पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक अंबाला, पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र सहित रजिस्ट्रार सहकारी समिति हरियाणा को शिकायत भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि आसपास के जिलों के सैकड़ों लोगों को भी आरोपियों ने सस्ते लोन का झांसा देकर ठगी की है।
शिकायत में पिपली की अमर कॉलोनी निवासी सुमन देवी ने बताया कि वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात सेक्टर-17 स्थित सहकारी समिति के प्रधान भगवंत गिल और प्रबंधक मीनू खन्ना से हुई। दोनों ने उसे सस्ते दर पर लोन दिलवाने का भरोसा दिया। उसने अपने परिवार में बात करके दूध की डेयरी के लिए 15 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया। बदले में सोसायटी में खाता खोलकर डेढ़ लाख रुपये जमा करने के साथ लोन की 17 हजार रुपये फीस भी भर दी थी। आरोपियों ने उसका 15 की बजाय दो लाख रुपये का लोन मंजूर किया। इसके बाद आरोपियों ने उसके बेटे को समिति में क्लर्क पद पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया, मगर इस एवज में सात लाख रुपये मांगे। इस रकम को देने के बाद आरोपियों ने उसके बेटे को कार्यालय में सात हजार रुपये मासिक नौकरी पर रख लिया। वेतन बढ़ाने की मांग रखी तो आरोपियों ने रोहित को कनाडा भेजने का झांसा दिया। इस एवज में 10 लाख रुपये एडवांस मांगे तथा बाकी रकम कनाडा पहुंचने के बाद देना तय हुआ। उनकी बातों में आकर उसने अपने दोनों मकान पर 10 लाख रुपए का लोन लेकर आरोपियों को दे दिया। आरोपियों ने काफी समय तक रोहित को कनाडा नहीं भेजा और टालमटोल करते रहे। उसके बाद आरोपियों ने उसे बताया कि उनको करनाल में स्टाफ की जरूरत है। इसके लिए 20 लाख रुपये लेकर उसके पति सत्यवान को करनाल भेज दिया गया। उसने नौकरी के लिए ऑफर लेटर मांगा तो आरोपियों ने टालमटोल करते हुए लेटर पंचकूला से मंगवाने की बात कही। अब उनके मकान के लोन की किस्त भरना मुश्किल हो रहा है। आरोपियों ने 80 हजार रुपये के लोन के उनके आभूषण भी अपने पास रखे हुए हैं। महिला की मानें तो आरोपियों ने कुरुक्षेत्र समेत करनाल, अंबाला, कैथल और अन्य जिलों में करीब 700 लोगों से ठगी की है, हालांकि अभी इस संबंध में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
मामला संज्ञान में नहीं, शिकायत मिलने पर करेंगे जांच व कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि महिला की शिकायत के संबंध में फिलहाल उन्हें जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर तुरंत जांच और कार्रवाई की जाएगी।