पिहोवा। गांव मोहनपुर में मिली भगत कर जमीन बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने मामला सामने आया है। मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा, जिनके आदेशों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जसविंदर सिंह निवासी बहादुर पुरा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने उसे गांव मोहनपुर में जमीन दिखाई थी। कागजात में यह जमीन चांदी राम निवासी मोहनपुर की थी। उस समय चांदी राम ने जमीन पर किसी तरह का कोई लोन, केस और विवाद नहीं होने का विश्वास दिलाया। 80 लाख रुपये में जमीन की खरीदारी का सौदा तय हुआ था। रजिस्ट्री होने पर डीलर ने छह लाख रुपये कमीशन लेकर जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम करा दी, जिसमें पांच लाख 60 हजार रुपये के स्टांप पेपर लगे, लेकिन जब उसने इंतकाल के लिए तहसील में अपील की तो पता चला कि उक्त जमीन पर हाईकोर्ट ने स्टे लगाया हुआ है। परिवार के किसी दूसरे सदस्य ने जमीन पर दावा किया हुआ है जो कि न्यायालय में विचाराधीन है। उसने 80 लाख रुपये में 30 कनाल 9 मरले जमीन ख़रीदी थी। वकील के नोटिस के जवाब में उसने कोर्ट में दावा किया तो पता चला कि उक्त जमीन पर किसी अन्य के साथ मालिकाना हक का केस आरोपी के साथ चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।