संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एक युवक को कनाडा जाकर विदेशी मुद्रा कमाने की चाह भारी पड़ गई। वह जालसाजी में फंस गया। वह न कनाडा जा सका और 28 लाख रुपये भी गवां दिए। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जिसके चलते एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 27 अप्रैल को एसपी कार्यालय में सुमित कुमार वासी बरसाना जिला कैथल ने शिकायत दी थी, जिसमें बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। उसकी मुलाकात बलविंद्र वासी चोचडा जिला करनाल, अंकुश, जीता राम वासी बडथल जिला करनाल, प्रमोद वासी दिल्ली, मुनीश वासी दिल्ली व राजेंद्र कुमार वासी लाडवा से हुई। प्रमोद ने कहा कि वह उसको कनाडा भेज देंगे, जिसमें 28 लाख रुपये खर्चा आएगा।
वह उनकी बातों में आ गया और किसी तरह उक्त रकम एकत्रित कर उन्हें दे दी। आरोपियों ने विश्वास दिलवाया की वह विदेश नहीं गया तो उसके पैसे वापस कर दिए जायेंगे । इसके बाद प्रमोद व अन्य आरोपियों ने उसकी 31 मार्च की टिकट भेज दी और कहा कि आपकी पीसीसी करवाकर जल्द ही आपको कनाडा भेज देंगे। उसके बाद 21 अप्रैल को उसकी दोबारा फ्लाइट की टिकट भेज दी तथा इमीग्रेशन पर हस्ताक्षर नही होने के कारण वह वापिस अपने घर आ गया।
जब इस बारे में पता करने के लिए उनके पते पर लाडवा गया तो आरोपी वहां नही मिले, जिससे उन्हें आभास हुआ कि आरोपियों ने उन्हें धोखाधड़ी के जाल में फंसाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच पीएसआई विनय कुमार को सौंपी। गत दिवस पुलिस टीम ने मामले के आरोपी विकास कुमार वासी बैडसाल जिला करनाल को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है।