कुरुक्षेत्र। पांच महीने पहले जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने उससे रकम लेकर जमीन अपनी व रिश्तेदार की पत्नी के नाम करा दी। थाना झांसा में दर्ज शिकायत में जरनैल सिंह निवासी हमीदपुर ने बताया था कि गुलशन कुमार व गुरदीप सिंह ने उसके साथ अपनी जमीन बेचने का इकरार किया था। बात पक्की होने पर आरोपी उससे जमीन की पूरी रकम 15 लाख रुपये अलग-अलग समय पर प्राप्त कर चुके थे। जमीन की रजिस्ट्री नाम कराने के लिए 23 अप्रैल का समय रखा गया था। उसने रजिस्ट्री के लिए 1,33,400 रुपये के स्टांप खरीदे थे।
उसे अपनी मां के नाम पर रजिस्ट्री करवानी थी। इसके लिए दोबारा 30 अप्रैल का समय सहमति से रखा गया था लेकिन उस दिन आरोपी रजिस्ट्री कराने के लिए आए ही नहीं थे। तब उसने एक मई को अपने वकील से उनके पास नोटिस भिजवाया था। छह मई को उन्होंने अपने वकील से उसके पास अपना जवाब भिजवा दिया था, मगर अगले ही दिन उन्होंने उसके बयाने वाली जमीन को अपनी-अपनी पत्नी और अपने रिश्तेदार मांगे राम की पत्नी के नाम धोखे से करवा दी है। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत मांग राम निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर लिया।