संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शातिर ठग ने सेवानिवृत्त कर्मी को बैंक में एफडी कराने पर 25 हजार रुपये अलग से मिलने का लालच देकर उसके साढ़े चार लाख रुपये लेकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
थाना कृष्णा गेट पुलिस में दर्ज शिकायत में राजेंद्र सिंह निवासी कौलापुर ने बताया कि वह जन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त है। वह सुबह करीब साढ़े 11 बजे एसबीआई शाखा थानेसर रेलवे रोड में अपना अकाउंट से आरटीजीएस कराने गया था। वह आरटीजीएस का फॉर्म भर ही रहा था कि एक अनजान व्यक्ति ने उससे आरटीजीएस कराने का कारण पूछा, जिस पर उसने बताया कि गांव के कोऑपरेटिव बैंक में अधिक ब्याज मिलेगा।
इस पर उस व्यक्ति ने उसे बताया कि एसबीआई भरोसेमंद बैंक है और इस बैंक में ही एफडी करा लो, जिसके आधार और पैन कार्ड लगेगा। वह तुरंत अपना आधार और पैन कार्ड ले आया और छह लाख रुपये की एफडी बैंक में करा दी। उसके बाद उस व्यक्ति ने उसे बताया कि बैंक की ओर से एक योजना चल रही है, जिसके अनुसार अगर आप साढ़े चार लाख रुपये निकलवा कर दोबारा जमा कराते हो तो बैंक की तरफ से उसे 25 हजार रुपये ज्यादा मिलेंगे।
उसकी बातों में आकर उसने साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए और दोबारा जमा कराने के लिए फॉर्म भरना शुरू कर दिया। तभी उस व्यक्ति ने उसे बोला कि यह पैसे उसे पकड़ा दे और आप आराम से फॉर्म भर लें। विश्वास करके उसने पैसे से भरा थैला उसे पकड़ा दिया और वह फॉर्म भरने लगा। इसी दौरान वह व्यक्ति उसका साढ़े चार लाख रुपये से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गया।