इस्माईलाबाद। तीन दिन पहले बंधक बनाकर पैसे छीनने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कृष्ण कुमार, सुनील कुमार निवासी तंगीपुर, सोहन लाल निवासी थांदडा तथा हरभजन सिंह निवासी किशनपुरा जिला पटियाला पंजाब के कब्जे से छीने गए 80 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस में 21 अप्रैल को दर्ज शिकायत में धर्मेंद्र सिंह निवासी बटोली जिला मोहाली ने बताया था कि वह फूड फर्म में एमडी है। फर्म ने कृष्ण कुमार के 1.60 लाख रुपये की पेमेंट रोक ली थी। 20 अप्रैल को वह अपनी गाड़ी से कुलदीप सिंह उर्फ हैप्पी निवासी लालडू तथा धर्मेंद्र मदान के साथ पोल्ट्री फार्म काठगढ़ पर जा रहे थे जैसे ही वह सचदेवा धर्मकाटा के पास पहुंचे तो कृष्ण कुमार ने अपनी गाड़ी उसकी गाड़ी के सामने रोक दी। गाड़ी से उतर कर आए चार-पांच लोगों ने मारपीट कर उन्हेें पकड़ कर एक दुकान में बंदी बना लिया था। उन्होंने उनसे ढाई लाख रुपये मांगे थे तथा मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपियों ने उसके साथियों को बंधक बनाकर रखा तथा उसे रुपये लाने के लिए छोड़ दिया था। रुपये देने के बाद वह अपने साथियों को उनके चंगुल से छुड़ाकर लाया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार, सुनील कुमार, सोहन लाल तथा हरभजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 80 हजार रुपये बरामद हुए। अदालत के आदेश से आरोपियों को कारागार भेज दिया गया।