संवाद न्यूज एजेंसी
इस्माईलाबाद। थाना झांसा की टीम ने अलग-अलग मामलों में ट्रांसफार्मर का सामान चोरी के आरोपी मोबिन निवासी मुरादाबाद, हल्ला निवासी मोहाली पंजाब, संजीव कुमार उर्फ संजू निवासी खड़क मंगौली पंचकूला, सुलेमान वासी आदमपुर अमरोहा यूपी हॉल निवासी मोहाली पंजाब व संदीप उर्फ सोनू निवासी गगसीना जिला करनाल हाल निवासी माजरी चौक पंचकूला को गिरफ्तार किया है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसडीओ बिजली विभाग अजराना कलां कार्यालय से प्राप्त शिकायतों के माध्यम से बताया गया कि अज्ञात लोगों द्वारा पांच मई की रात्रि को जगदीश निवासी अजराना कलां के खेतों से 20 केवीए ट्रांसफार्मर से सामान चोरी कर लिया। 20-21 मार्च की रात्रि को सूरता राम निवासी अजराना कलां के खेतों से 16 केवीए ट्रांसफार्मर से सामान चोरी कर लिया। बिजली निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर चोरी हुए ट्रांसफार्मरों के सामान का आकलन किया। शिकायतों पर थाना झांसा में अलग-अलग मामले दर्ज करके जांच की गई। 12 दिसबंर को पुलिस टीम ने खेतों से ट्रांसफार्मर से सामान चोरी के आरोपी मोबिन, संजीव, सुलेमान व संदीप उर्फ सोनू को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जांच में शामिल कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से चारों आरोपियों को कारागार भेज दिया गया।