संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नेवी में नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करने के चार आरोपियों को थाना साइबर टीम ने गिरफ्तार किया है। इनमें चिराग प्रजापत, रामू कुमार, राहुल कुमार व रोहित कुमार वासी जयसिंहपुरा खोर जिला जयपुर राजस्थान शामिल है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दो अप्रैल को पुलिस को दी शिकायत में मुकेश कुमार वासी सैंसा ने बताया कि वह पहले नेवी में काम करता था। बाद में मेडिकल अनफिट होने के कारण वह घर पर ही था। सात मार्च को उसने फेसबुक पर नेवी में नौकरी लगने का विज्ञापन देखा, जिसमें दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। बातचीत कर रहे व्यक्ति ने नेवी में नौकरी लगवाने के नाम पर 90 हजार रुपये की बात कही। उसके पास व्हाट्सएप पर एक ज्वाइनिंग लैटर भेजा गया और उसे विशाखापट्टनम आंध्र प्रदेश बुलाया। 16 मार्च को वह विशाखापट्टनम पहुंचा उसके बाद उससे 90 हजार रुपये मांगे गए जो उसने ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद उससे 10 हजार रुपये और मांगे गए जिसे उसने देने से मना कर दिया। उसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया, जिसके बाद उसे उसके साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। पकड़े गए आरोपी राहुल से एक मोबाइल बरामद किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां राहुल व रोहित को कारागार व आरोपी चिराग प्रजापत, रामू कुमार को तीन दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया ।