गांव बोढा के सैनी फार्म में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग की चपेट में आने से पांच पशुओं की मौत हो गई। इनमें से चार पशु दुधारू और एक कटड़ा था। घटना के बाद से पशुपालक जोगिंद्र सैनी सदमे में है। आग लगने से घर की छत भी ढह गई। जोगिंद्र ने बताया कि उसके पास सात आठ पशु थे, जिनमें से चार दुधारू भैंसें थी। रात को उसने इन भैंसों को बाड़े में बने कमरे में पंखे के नीचे बांधा हुआ था। जिस मकान में पशु बंधे थे उसकी छत लकड़ी की थी। देर रात को हुए शॉर्ट सर्किट के कारण छत में आग लग गई। यह आग धीरे-धीरे नीचे की तरफ आ गई और पशुओं को चपेट में ले लिया। दो पशुओं को बांधकर रखने वाली रस्सी आग में जल गई। इससे वे दोनों बाहर निकल आए, जबकि अन्य पांच पशु बाहर नहीं निकल पाए और वे अंदर ही जलकर दम तोड़ गए। आसपास के ग्रामीणों ने जब धुआं उठता देखा तो उन्होंने काफी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाया। ग्रामीणों के मुताबिक जोगिंद्र सैनी के पास जमीन कम है। पशुओं के सहारे वह दूध बेचकर अपना जीवन यापन कर रहा है। पशुओं की मौत के बाद किसान सदमे में है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसान की आर्थिक मदद की जाए। आग लगने से उसका करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।