कुरुक्षेत्र। कीर्ति नगर में देर रात रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। इस हमले में युवक बाल-बाल बच गया और गोली सामने दीवार में धंस गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में मोनू कुमार निवासी कीर्ति नगर ने बताया कि वह पेंट का काम करता है। गत सप्ताह रविवार को उसके चचेरे भाई अंकुश का प्रिंस के साथ झगड़ा हो गया था। उसने उन दोनों का झगड़ा छुड़वा दिया था। बाद में प्रिंस ने उन दोनों की शिकायत पुलिस को दी थी। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह गली में घूम रहा था। इसी दौरान वह पप्पू के मकान के पास पहुंचा तो चार युवक बाइक पर सवार होकर रजा खान के घर की तरफ से आए। उसने उनमें से प्रिंस को पहचान लिया, जिसने हाथ में पिस्तौल पकड़ी हुई थी। उसने आते ही उसे जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चल दी। किसी तरह वह बच गया और गोली दीवार में जाकर लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उधर इस संबंध में थाना कृष्णा गेट प्रबंधक कर्मबीर सिंह ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। मौके से पुलिस ने गोली का खोल बरामद किया। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।