कुछ अज्ञात युवकों ने लूटपाट की साजिश से जीटी रोड स्थित एक होटल की पार्किंग के बाहर एनआरआई महिला की कार पर दो फायर किए और फरार हो गए। इस दौरान गोली कार के शीशे को तोड़ती हुई हुए बाहर निकल गई लेकिन कार का शीशा लगने से महिला घायल हो गई। परिजन महिला को उपचार के लिए नवांशहर (पंजाब) ले गए।
कुलबीर सिंह निवासी मुसापुर जिला नवांशहर (पंजाब) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मौसेरी बहन मनजीत कौर काफी वर्षों के बाद ऑस्ट्रेलिया से इंडिया लौटी थी। वह उसे लेने गया था। रास्ते में सुबह दो बजे वे शाहाबाद जीटी रोड स्थित एक होटल पर खाना खाने के लिए रुके थे। जैसे ही उसकी मनजीत कौर व परिजन खाने के बाद कार में पार्किंग से बाहर निकले तभी एक कार से उतरे तीन युवकों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। गोली कार के पिछले शीशे को तोड़ते हुए आगे निकल गई। इस दौरान शीशे टूटने से उसकी बहन मनजीत कौर घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक युवकों ने दो फायर किए, जिसके खोल बरामद कर लिए गए। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।