शाहाबाद। सोमवार देर सायं रामा विहार काॅलोनी स्थित एक घर में अचानक आग लग जाने से लाखों रुपये के गहनों सहित फर्नीचर व कपड़े जलकर राख हो गए, जबकि मंगलवार को नेशनल हाईवे स्थित एक सीट मेकर की वर्कशाप में आग लग गई, जिसके बाद वर्कशाप में रखी स्क्रैप जल गई। मकान मालिक सुरेंद्र कुमार व विनीत कुमार ने बताया कि बीती देर सायं घर पर कोई नहीं था और उनके परिवार वाले किसी काम से बाजार गए हुए थे।
इसी बीच उनके पड़ोसियों ने मोबाइल से सूचना दी कि घर में धुआं उठ रहा है। वह तुरंत अपने निवास पर पहुंचे और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि पड़ोसियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन सब कुछ जलकर राख हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक रामकरण काला, नगरपालिका प्रधान डॉ. गुलशन कवातरा और पार्षद प्रतिनिधि प्रभजीत सिंह तनेजा मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने बताया कि इस आग से घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया है, जिसमें सोने व चांदी का सामान, कपड़े, बच्चों के खेलने का सामान, माइक्रोवेव ओवन, लकड़ी का सामान, एलईडी इन्वर्टर, फ्रिज, बिजली का सामान, एसी पंखे, सारा फर्नीचर, कपबोर्ड व किचन की फिटिंग तथा नकदी 95 हजार रुपये सहित सभी जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। ऐसा माना जान रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। प्रभजीत सिंह तनेजा ने बताया कि नेशनल हाईवे स्थित वर्कशॉप में आग लगने के बाद सचिन सिटी पुलिस चौकी और फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। इससे आसपास के लोगों में भी भय बना रहा।