कुरुक्षेत्र। गांव सिंगपुरा के एक धार्मिक स्थल पर पशु बलि देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धर्मस्थल में हुई तांत्रिक क्रिया के विरोध में लोगों में रोष पनप रहा है। गांववासी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इससे पहले शनिवार की रात में धर्मस्थल पर पशु बलि की सूचना के बाद कुछ लोग एकत्रित हुए तो आरोपी मृत पशु को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर रविवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पशु चिकित्सकों से शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे जमीन में दबा दिया। मामले में पुलिस ने गांव के ही आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पंजाब के रहने वाले रिश्तेदार के घर बेटे का जन्म हुआ है। मन्नत पूरी होने पर तांत्रिक क्रिया के तहत पशु बलि दी गई है।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में गांववासी कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव के मदनलाल व उसके बेटे सुल्तान ने तांत्रिक विद्या करते हुए धर्मस्थल पर पशु बलि दी है। इससे यहां पूजा पाठ करने वाले लोगों में भारी रोष है। इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं। बताया गया कि आरोपी मदन लाल व उसका बेटा पहले भी तांत्रिक क्रियाएं करते हुए गांव में पकड़े गए थे। इस बार भी उनको पंचायत में बुलाया गया था, मगर आरोपी पहले ही फरार हो गए।
थाना केयूके प्रभारी देवेंद्र कुमार और जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पशु चिकित्सक से मृत शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चिकित्सक के अनुसार, आरोपियों ने पशु के दिल में सुआ मारकर उसकी हत्या की है। इस मामले में आरोपी मदन लाल और उसके बेटे सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बाक्स
रिश्तेदार के घर बच्चे के जन्म के बाद दी बलि
पुलिस के अनुसार, मदन की कोई रिश्तेदारी पंजाब में पड़ती है। उसके रिश्तेदारों का उसके घर आना-जाना लगा ही रहता है। कुछ दिन पहले उसके रिश्तेदार के घर बेटे का जन्म हुआ है। इसी के तहत तांत्रिक क्रिया में पशु बलि दी गई है।
बॉक्स
सख्त कार्रवाई करने की मांग
गांव के लोगों का कहना कि इस घटना से पूरे गांव में रोष फैल रहा है। तंत्र-मंत्र के तहत पशु की बलि देने से लोग डरे हुए हैं। उनकी मांग है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।