कुरुक्षेत्र। शहर से हर रोज करीब 70 टन कचरा निकल रहा है। नगर परिषद प्रशासन आज तक इसके समुचित उठान से लेकर निस्तारण का प्रबंध नहीं कर पाया है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे धर्मनगरी की सुंदरता को ठेस पहुंच रही है। वहीं अनेकों जगह कचरे को आग के हवाले ही किया जा रहा है। यह आग सफाई कर्मियों द्वारा लगाई जा रही है या फिर आसपास के लोगों व राहगीरों द्वारा, यह जांच का विषय है, लेकिन इससे एनजीटी के अदेशों की सरेआम अवहेलना की जा रही है तो वहीं कचरा जलने से निकलने वाले जहरीले धुएं का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
शहर से हर रोज 70 टन कचरा निकलता है। नगर परिषद की ओर से इसके उठान को लेकर हालांकि भरसक प्रयास किए जाते रहे हैं, जिसके बावजूद यह परिषद ही नहीं शहर के लोगों के गले की भी फांस बना हुआ है। पिछले दो दिनों से यह समस्या और गहरा गई थी। डंपिंग प्वाइंट के पास आश्रम में कार्यक्रम के चलते यहां कचरा डालने से रोक दिया गया था। गौरतलब है कि धर्मनगरी में हर रोज 15 से 20 हजार लोग भ्रमण के लिए आते हैं, कूड़े का ढेर देखकर उन्हें शहर की व्यवस्था को लेकर निराशा होती है। उल्लेखनीय है कि 69 स्थाई सफाई कर्मी, 304 पेरोल सफाई कर्मी, 81 टिपर, 81 चालक, 62 हेल्पर, सात ट्रैक्टर, एक रोड स्विपिंग मशीन व दो जेसीबी के सहारे शहर की सफाई का कार्य किया जा रहा है।
बॉक्स
यहां-यहां लगे कचरे के ढेर
-----------
सेख चेहली मकबरा, जिंदल पार्क, झांसा रोड, पुराना बस अड्डा, सेक्टर 17, अमीन रोड, रेलवे रोड, पिपली रोड से गोल बैंक रोड, सेक्टर 13, सेक्टर पांच, सेक्टर 10, पिपली सहित अन्य जगहों पर भी कचरे के ढेर लगे रहने लगे हैं। वीरवार को शेख चेहली मकबरे के पास कचरा अधिकतर सड़क तक भी फैला रहा, जिसके चलते राहगीरों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बॉक्स
यहां लगी मिली आग
शहर में पड़ताल की गई तो रेलवे रोड, अमीन रोड, पिपली रोड से गोल बैंक रोड, झांसा रोड सहित कई अन्य जगहों पर भी कचरे में आग लगी मिली। वहीं आसपास बेसहारा पुश भी कचरे में मुंह मार रहे थे।
बॉक्स
नहीं बना पा रहा स्वच्छता टॉप टेन में जगह
शहर से कचरे के समुचित उठान व निस्तारण न हो पाने के चलते ही स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप टेन में जगह नहीं बना पाया है। हालांकि हर साल कुछ सुधार जरूर होता रहा है, लेकिन उम्मीद के अनुसार शहर स्वच्छ नहीं हो पाया है। दस वर्ष से आए स्वच्छता सर्वेक्षण के आंकड़ों में धर्मनगरी पिछले साल से सुधार करते हुए 178वें रैंक पर आई थी तो प्रदेश में पिछले साल के मुकाबले तीन अंक पीछे ही खिसक गई। पिछले साल देश के स्तर पर 203 तो प्रदेश में 12वां रैंक रहा था। इससे पहले वर्ष 2020 में देश भर में 259 रैंक तो प्रदेश में 16वां रैंक आया था।
बॉक्स
कचरे में आग लगाने पर होगी कार्रवाई : रूप रविंद्र
नगर परिषद के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर रूप रविंद्र बिश्नोई का कहना है कि कचरे का उठान लगातार किया जाता है। टिपर भी घर-घर कचरा उठान के लिए पहुंच रहे हैं। सफाई कर्मियों को कचरे में आग न लगाने और सही सफाई किए जाने के निर्देश दिए हुए हैं। किसी भी कर्मी ने कचरे में आग लगाई तो कार्रवाई की जाएगी।