कुरुक्षेत्र। बचगांव क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए ठेकेदार जयपाल उर्फ जय सिंह (55) का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। उनकी बाइक भाखड़ा नहर किनारे लावारिस हालत में मिली थी, जिसके बाद परिजनों ने गोताखोर प्रगट सिंह के साथ नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रविवार को गोताखोरों ने किरमच की ओर तलाश तेज की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गोताखोर प्रगट सिंह का कहना है कि यदि जयपाल नहर में डूबे होते, तो अब तक मिल चुके होते। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि जयपाल, जो लुखी अनाज मंडी में पल्लेदारों का ठेकेदार था, उसका मोबाइल उस रात से बंद है। रात को उन्होंने घर आने की बात कही थी, लेकिन सुबह तक नहीं पहुंचे। परिजनों ने मंडी में संपर्क किया, तो पता चला कि वह रात को बाइक से निकल गए थे।