कुरुक्षेत्र। थाना झांसा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 13 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। गांव झिवंरहेडी निवासी राजेंद्र कुमार ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात विदेश भेजने वाले एजेंट के साथ हुई थी। आरोपी ने कहा कि वह और उसके साथी उसे इंग्लैंड भेज कर दो वर्ष का वर्क परमिट दिलवा देंगे। वह उसकी बातों में आ गया। आरोपी ने उसने आधार कार्ड, पैन कार्ड की फोटो कॉपी व पासपोर्ट तथा डेढ़ लाख रुपये नकद लिए थे। उसे बताया कि उसके कागजात बैंगलोर एंबेसी में इंग्लैंड का वीजा लगवाने के लिए भेज दिए हैं। वहांं उसके फिंगर व साक्षात्कार हुआ। वहां से उसे मलेशिया भेज दिया गया। वहां पर उससे ढ़ाई लाख रुपये लेकर वापस भारत भेज दिया। आरोपितों ने उसे कहा कि अब उसकी इंग्लैंड की फाइल लगानी है, इसके लिए आरोपितों ने अपने-अपने खाते में सात लाख रुपये डलवा लिए और एक लाख रुपये नकद ले लिए। उसे बताया गया कि एक लाख रुपये के बदले पौंड देंगे। आरोपितों ने मिलिभगत करके उसके साथ धोखाधड़ी की और 13 लाख रुपये ले लिए। काफी समय तक जब उसे विदेश नहीं भेजा तो उसने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे एजेंट ने कहा कि चार माह में उसके पैसे वापस कर देगा। जब वह दोबारा पैसे मांगने के लिए गया तो आरोपित ने उसे कहा कि उसके जो साथी हैं वे बहुत खतरनाक व्यक्ति हैं, अगर पैसे मांग तो वह तुझे जान से मरवा देंगे।