कुरुक्षेत्र। बिजली कर्मियों की हड़ताल के कारण ठप हुईं इलेक्ट्रिक बसें रविवार को फिर सड़कों पर दौड़ने लगीं। इससे शहरी और ग्रामीण रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण जिले की 20 इलेक्ट्रिक बसों की बैटरी का चार्ज खत्म हो गया था। चार्जिंग न होने से बसों के पहिए थमे रहे, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। शुक्रवार रात को हड़ताल खत्म होने के बाद रोडवेज महकमे ने चार्जिंग बहाल करने का काम शुरू किया। रातभर फीडरों में आई खराबी ठीक की गई, जिसके बाद बसों की चार्जिंग शुरू हो सकी। यातायात प्रबंधक पवन कुमार ने बताया कि अब सभी रूटों पर विद्युत बसों की सेवा सामान्य हो गई है।