कुरुक्षेत्र। अब धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से अयोध्या का सफर आसान होने वाला है। इसके लिए जल्द बस सेवा शुरू किए जाने की कवायद तेज हो गई है। जहां लोग लंबे समय से धर्मनगरी के लिए बस सेवा शुरू किए जाने की मांग कर रहे हैं वहीं अब विभाग इसके लिए गंभीर हो गया है। परिवहन विभाग के सचिव ने उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखा है, जिसके जरिए कुरुक्षेत्र से अयोध्या रूट पर पड़ने वाले शहरों में बस के ठहराव को लेकर समय की मांग की गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की ओर से जल्द ही इस पत्र का जवाब मिल जाएगा, जिसके बाद यह बस सेवा शुरू की जा सकेगी। बस सेवा शुरू होने से श्रीराम भक्त आसानी से अयोध्या जा सकेंगे।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के इन प्रयास से रामभक्तों में खुशी की लहर है। अयोध्या रूट पर बस शुरू होने से धर्मनगरी और अयोध्या का सीधा जुड़ाव होगा और अयोध्या में श्रीराम के दर्शनों को जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक अयोध्या जाने के लिए श्रद्धालुओं को दूसरे संसाधनों पर निर्भर होना पड़ रहा था। बता दें कि अयोध्या रूट पर बस सेवा को शुरू करने के लिए जनसंघ विकास संगठन भारत की ओर से लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। इस मांग को लेकर सामाजिक संस्था की ओर से 25 अगस्त को विधायक और सांसद को मांग पत्र भी सौंपा गया था। इस मांग पत्र में संस्था के पदाधिकारियों ने धर्मनगरी से अयोध्या के लिए बस सेवा शुरू करने की गुहार लगाई थी, जो कि अब सिरे चढ़ने की उम्मीद नजर आ रही है।
पिछले कई महीनों से किए जा रहे प्रयास : कृष्ण कांत
जनसंघ विकास संगठन भारत के जिलाध्यक्ष कृष्ण कांत का कहना है कि संस्था की ओर से पिछले कई महीनों से अयोध्या रूट पर बस सेवा को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि अब जल्द सिरे चढ़ेगा। पर्यटन स्थल होने के कारण हजारों श्रद्धालुओं का धर्मनगरी में आना जाना लगा रहता है। अब धर्मनगरी को अयोध्या से सीधे जोड़ा जाएगा। इसके लिए राम भक्तों में खुशी की लहर है।
रामभक्तों के लिए होगी बड़ी राहत : प्रेम शर्मा
दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के संचालक पंडित प्रेम कुमार शर्मा का कहना है कि अयोध्या के लिए बस सेवा शुरू होने से राम भक्तों को बड़ी राहत मिलेगी। अब राम भक्त अयोध्या के लिए सीधे बस से यात्रा कर प्रभु राम के दर्शन कर सकेंगे। जबकि पहले राम भक्तों को रेलगाड़ियों और दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा था, लेकिन अब कुरुक्षेत्र से अयोध्या के लिए सीधे बस शुरू होने से धर्मनगरी और अयोध्या का सीधा संपर्क होगा।
अयोध्या रूट पर जल्द बस सेवा शुरू करने के प्रयास : सुखदेव सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक सुखदेव सिंह का कहना है कि प्रभु राम के दर्शन रामभक्त कर सकें, इसके लिए कुरुक्षेत्र से अयोध्या रूट पर बस सेवा जल्द शुरू होने की उम्मीद है। अब राम भक्त कुरुक्षेत्र से अयोध्या के लिए सीधे यात्रा कर सकेंगे। इस बस सेवा को शुरू करवाने के लिए कई दिनों से प्रयास किए जा रहे हैं।
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र नया बस अड्डा।संवाद
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र नया बस अड्डा।संवाद