कुरुक्षेत्र। बारिश होने के बाद दो दिनों बाद भी ठंड का असर जारी रहा, जिसके चलते अल सुबह से शीतलहर का असर देखने को मिला। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। हालांकि सुबह से ही धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली, जिससे लोगों को ठंड से दिन में राहत मिली। धूप खिलने पर लोग जहां पार्कों में धूप का आनंद लेते नजर आए तो वहीं कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी धूप में बैठकर पढ़ाई करते दिखाई दिए। हालांकि दिन में हल्के बादल भी आसमान में छा गए, जिससे ठंड का असर बढ़ गया जबकि फिर से धूप खिल उठी और लोगों को ठंड से राहत मिली। मंगलवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन भर ठंडी हवा भी चलती रही जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार बने हुए हैं। वहीं मौसम में बदलाव के चलते खांसी और बुखार के मामले बढ़े हुए है, जिसके चलते लोगों को भारी पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खांसी और जुकाम के मामले बच्चों से लेकर बुजुर्गों में ज्यादा देखने को मिल रहे हैं।
अब मौसम साफ रहने की संभावना : डॉ. ममता
कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम वैज्ञानिक डॉ. ममता का कहना है कि अगले कई दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश होने जैसी कोई स्थिति नहीं बन रही।