कोरोना की लहर के बीच उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा गत दिवस आदेश जारी होने के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने भी अधिसूचना जारी कर दी है। कोरोना संक्रमण के चलते अब कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थान 30 अप्रैल तक पूर्णत: बंद रहेंगे। शनिवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभी मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को ही नहीं, विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को भी एंट्री नहीं मिली। उधर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने शोधार्थी को हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षण संस्थान बंद करने के विरोध में शोधार्थियों ने कुलपति कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। शोधार्थियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण के चलते पिछले एक साल से पढ़ाई काफी प्रभावित हुई है, जिसका खामियाजा अभी भी भुगत रहे हैं। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि शिक्षण संस्थान को पुन: खोला जाए।