जिला योजनाकार विभाग जिले में अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ अवैध कॉलोनी में निर्माण हटाने का शेड्यूल तैयार कर लिया है। डीटीपी द्वारा अवैध कॉलोनी में निर्माण हटाने के साथ-साथ कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है। शनिवार को डीटीपी अधिकारी सतीश पूनिया ने विभाग द्वारा कार्रवाई की रिपोर्ट डीसी मुकुल राय को सौंपी गई। पूनिया ने कहा विभाग की ओर से जुलाई माह में गांव सारसा, हरियापुर, गलडेवा रोड में 10 एकड़ में अवैध निर्माण, गांव दर्रा खेड़ा, लक्ष्मी राइस मिल, शक्ति राइस मिल अमीन रोड पर तथा लाडवा में भादसों रोड पर करीब सात एकड़ में बन रही कॉलोनी से अवैध निर्माण को रोकने के साथ उसे ध्वस्त किया गया। विभाग ने अगस्त माह के लिए अपना शेड्यूल तैयार कर लिया है। इस शेड्यूल के अनुसार विभाग अवैध कॉलोनियों से निर्माण हटाएगा। वहीं डीसी मुकुल राय ने कहा कि डीटीपी अवैध कॉलोनियों से निर्माण हटाने के साथ कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई तेजी से करें। इसमें लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग डीटीपी का सहयोग करें। पुलिस प्रशासन डीटीपी टीम को पुलिस सुरक्षा प्रदान करें ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सकें। इस जिले में किसी भी व्यक्ति को अवैध रूप से कॉलोनी काटने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस मौके पर डीटीपी सतीश पूनिया, डीएसपी सुभाष चंद्र सहित अधिकारी मौजूद रहे।