संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 60 किलो डोडा चूरापोस्त के साथ बोलेरो चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चालक महेश पाल निवासी बदायूं, रामबिलास बरोलिया जिला बदायूं व रवि निवासी मझोला जिला संभल यूपी तरबूज के साथ नशीला पदार्थ छिपाकर पंजाब जा रहे थे। आरोपियों ने पांच कट्टे में नशीला पदार्थ छिपाकर रखा था। एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम कार्यालय में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि महेश पाल, राम बिलास व रवि चूरापोस्त बेचने का धंधा करते हैं। आज भी वह लोग बोलेरो में यूपी से तरबूज की आड़ में चूरापोस्त लेकर पिपली होते हुए पंजाब जाएंगे। सूचना पर टीम ने जीटी रोड पर पिपली फ्लाईओवर के ऊपर नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद टीम को एक बोलेरो आती दिखाई दी। शक के आधार पर टीम ने बोलेरो को रुकवाकर उसमें सवार लोगों से पूछताछ के बाद गाड़ी की तलाशी ली। गाड़ी की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 12-12 किलोग्राम के पांच कट्टे बरामद हुए, जिनमें डाेडा/चूरा पोस्त भरा हुआ था। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।