तीन महीने पहले 13.20 ग्राम स्मैक/हेरोइन के साथ पकड़े गए दो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी गुरतेज सिंह उर्फ तेजू वासी डोरा धुरालिया को जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस दो आरोपी जगमोहन सिंह उर्फ मोहन वासी ठसका मीरांजी व अब्बास उर्फ मुमताज वासी भुरा थाना कैराना जिला शामली (यूपी) को भी जेल भेज चुकी है। यातायात पुलिस उप-अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि 11 फरवरी को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गुप्त सूचना पर आरोपी जगमोहन सिंह उर्फ मोहना इस्माईलाबाद ठसका मीरांजीरोड पुल के नीचे 13 ग्राम 20 मिलीग्राम स्मैक/हेरोइन के साथ काबू किया था। आरोपी ने कबूला था कि यह स्मैक उसने अब्बास खान से 10 ग्राम व गुरतेज सिंह से 10 ग्राम खरीदी थी। 13 फरवरी को पुलिस ने स्मैक सप्लायर अब्बास उर्फ मुमताज को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इस मामले में गुरतेज सिंह की गिरफ्तारी बकाया थी। 9 मई को पुलिस ने आरोपी गुरतेज को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।